दुर्ग

पुराने विवाद पर हमला, युवक की मौत, आरोपी जबलपुर से बंदी
30-Jul-2026 5:59 PM
पुराने विवाद पर हमला, युवक की मौत, आरोपी जबलपुर से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 30 जुलाई। भिलाई में स्मृति नगर चौकी क्षेत्र आर्य नगर कोहका स्थित पानी टंकी के पास पुराने विवाद को लेकर हुए हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपी को जबलपुर से अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार 25 जुलाई की शाम करीब 6 बजे आर्य नगर कोहका पानी टंकी के पास पुराने विवाद को लेकर श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई  और कुमार सोनवानी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने वाहन का चक्का खोलने में इस्तेमाल होने वाले पाना/पेचकस से कुमार सोनवानी के सिर पर वार कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल कुमार सोनवानी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह हाउसिंग बोर्ड, कोहका निवासी था और मूल रूप से बागबाहरा, जिला महासमुंद का रहने वाला था।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी श्रेयांश राजमन के खिलाफ सुपेला थाना में धारा 296, 351(3) और 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार पतासाजी कर रही थी।

इधर, गंभीर रूप से घायल कुमार सोनवानी की कल रात करीब 8 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में धारा 103 (हत्या) जोड़ी है।

मामले में फरार चल रहे आरोपी श्रेयांश राजमन उर्फ बाबू भाई की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी को जबलपुर से अभिरक्षा में लिया है। अब प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम, विवाद के कारण और हमले में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य तथ्यों की विवेचना कर रही है।


अन्य पोस्ट