दुर्ग

शाला प्रवेशोत्सव में शामिल हुए शिक्षामंत्री यादव
22-Jul-2026 8:01 PM
शाला प्रवेशोत्सव में शामिल हुए शिक्षामंत्री यादव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 22 जुलाई। प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के बोरसीभांठा, पोटिया-झुग्गीपारा एवं पद्मनाभपुर स्थित शासकीय विद्यालयों में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रमों में शामिल होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाये एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किये। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश एवं जूते वितरित किए तथा विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास का शुभारंभ भी किए।

शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि नया शिक्षा सत्र बच्चों के जीवन में नए सपनों, नई ऊर्जा और नए अवसरों का प्रारंभ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं संस्कारयुक्त शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विद्यालयों में बेहतर अधोसंरचना, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा और आधुनिक संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा के महत्व को बताया तथा कहा कि तकनीक आधारित शिक्षण से विषयों को समझना अधिक सरल होगा और बच्चे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार होंगे। शिक्षा मंत्री श्री यादव कक्षाओं में भी पहुंचे और बच्चों के बीच बैठकर उनसे पढ़ाई, पसंदीदा विषयों तथा भविष्य के सपनों पर आत्मीय चर्चा की।


अन्य पोस्ट