दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 20 जुलाई। भारतीय सेना द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति में, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के नेतृत्व तथा आर्टकॉम एवं भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) ऑफिसर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में सेक्टर-5 स्थित सिंदूर उद्यान में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उद्यान के सौंदर्यीकरण और पौधों के संरक्षण के उद्देश्य से रखा गया था।
सांसद विजय बघेल ने मॉर्निंग वॉक समूह के सदस्यों के साथ मिलकर उद्यान की सफाई की। बारिश के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उद्यान से खरपतवार हटाए और रिक्त स्थानों पर सिंदूर के नए पौधों का रोपण किया।
पौधों के संरक्षण का संदेश
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पौधों का संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी उठानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
सैन्य प्रतिकृतियां स्थापित करने का सुझाव
कार्यक्रम के दौरान आर्टकॉम के संचालक निशु पाण्डेय ने सांसद से आग्रह किया कि सिंदूर उद्यान में तीनों सेनाओं की वर्दी धारण किए सैनिकों की प्रतिकृतियां (स्टैच्यू) तथा पृथ्वी मिसाइल का डमी मॉडल स्थापित कराया जाए, जिससे यह उद्यान देशभक्ति के प्रतीक के रूप में विकसित हो सके।
इस अवसर पर आर्टकॉम के संचालक निशु पाण्डेय, करमजीत सिंह, शारदा गुप्ता, श्रीराम, पर्यावरण मित्र मंडल के बालूराम वर्मा, लिलेश देशमुख, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, नासिर खान, गोपाल कृष्ण वर्मा, प्रकाश सांवत, भागचंद जैन, राजेश जैन, कमलेश दुबे, रजनीकांत अग्रवाल, विश्वरतन सिन्हा, मनोज गुप्ता, विशालदीप नायर, दशरथ भोई, विक्रांत ठाकुर सहित मॉर्निंग वॉक समूह के सदस्य, भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारी और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।