दुर्ग

धान खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत, सौंपा ज्ञापन
19-Jul-2026 4:27 PM
धान खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत, सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जुलाई।
किसानों ने सेवा सहकारी समिति निकुम में धान खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत की है। उन्होंने मामले में अनुविभागीय अधिकारी दुर्ग को ज्ञापन सौंपा है। इन किसानों ने निकुम में 20 जुलाई को धरना प्रदर्शन का ऐलान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार 3 वर्षों से अनियमितता चल रही है, इससे किसानों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि अब इसे लेकर आक्रोशित किसानो ने मोर्चा खोल दिया है। और वे 20 जुलाई  को समिति परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे।
समस्त कृषकों ने गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी दुर्ग को पत्र लिखकर इसकी सूचना दी। पत्र में आरोप लगाया गया कि समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष एवं कर्मचारियों द्वारा वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में धान खरीदी के दौरान किसानों के साथ लगातार धोखाधड़ी की जा रही है। किसानों का कहना है कि तौल में कमी, भूसा के नाम पर कटौती और धान घोटाले जैसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं। किसानों ने पत्र में यह भी लिखा कि वर्तमान वर्ष में धान की कमी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन सत्ता पक्ष के नेता की हस्तक्षेप के कारण प्राधिकृत अध्यक्ष के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पा रही है। इससे किसानों में आक्रोश है।

पूर्व जनपद सदस्य रुपेश देशमुख का कहना है कि अध्यक्ष के मनमानी रवैये के कारण उन्हें मजबूरन धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। धरना 20 जुलाई को सेवा सहकारी समिति निकुम में किया जाएगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि धरना स्थल पर कोई वरिष्ठ अधिकारी आकर उनका ज्ञापन प्राप्त करे।
पत्र की प्रतिलिपि जिला सहकारी मर्यादित बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, थाना प्रभारी अण्डा और शाखा प्रबंधक जि.स.के. बैंक अण्डा को भी भेजी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में महामंत्री जिला कांग्रेस कमेटी एवं पूर्व जनपद सदस्य रुपेश देशमुख, नंदकुमार साहू, राजकुमार साहू, उत्तम धनकर पिताम्बर यादव, रोमनाथ निर्मलकर आदि शामिल है।


अन्य पोस्ट