दुर्ग

छात्र ने की खुदकुशी, जांच
18-Jul-2026 6:04 PM
छात्र ने की खुदकुशी, जांच

दुर्ग, 18 जुलाई। मोहन नगर थाना अंतर्गत जवाहर नगर में रहने वाले 12वीं के एक छात्र ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान यश कुमार डडसेना (20) के रूप में हुई है। शुक्रवार को उसकी केमिस्ट्री विषय की सप्लीमेंट्री परीक्षा थी। परीक्षा देकर घर लौटने के कुछ देर बाद उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि यश 12वीं का छात्र था। शुक्रवार को वह केमिस्ट्री की सप्लीमेंट्री परीक्षा देने गया था। परीक्षा खत्म होने के बाद वह घर लौटा। उस समय घर में उसकी दादी मौजूद थीं। उसके पिता छत्रपाल डडसेना अपने छोटे बेटे को प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए हुडको गए हुए थे। यश की मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं।

दोपहर करीब 12 बजे पिता ने यश को मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया था। पुलिस ने बताया कि घर आने के बाद यश वॉशरूम गया हुआ था लेकिन काफी देर तक यश वापस नहीं लौटा तो दादी उसे देखने गईं। पहले उन्होंने टॉयलेट में तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद बगल में बने स्टोर रूम का दरवाजा खोला तो यश फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
 पुलिस ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। यश के पास कोई सुसाइडल नोट नहीं मिला है। परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट