दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 जुलाई। नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब गार्डन में स्कूल से लौट रहे छात्रों को धारदार हथियार दिखाकर डराने और उनसे नगदी व मोबाइल लूटने वाले गिरोह का सुपेला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं अपचारी बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीडि़त छात्र एम लक्ष्मण रेड्डी अपने साथी निशांत और दिलेश के साथ स्कूल से लौटते समय नेहरू नगर के भेलवा तालाब गार्डन में रुका था। इसी दौरान वहां तीन युवक पहुंचे। आरोपियों ने खुद को क्षेत्र का दादा बताते हुए छात्रों को गाली दी और चाकू दिखा से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी छात्रों से नगदी और मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट 15 जुलाई को थाना सुपेला में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने धारा 296, 351(3), 304, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी पारस ठाकुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी शिवा नाग (18 वर्ष 5 माह) निवासी रैश्ने आवास नेहरू नगर व एक अपचारी बालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस फिलहाल लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।