दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 जुलाई। ग्राम नवातरिया स्थित एक एकड़ भूमि पूर्ण स्वामित्व व अपने कब्जे की भूमि बताकर प्रार्थी के साथ आठ लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दुर्ग रवि कुमार महोबिया की कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी भीमराज के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी भीमराज ने परिवादी जितेंद्र अग्रवाल से 14 अगस्त 2019 को संपर्क कर ग्राम नवातरिया स्थित एक एकड़ भूमि को अपने पूर्ण स्वामित्व कब्जे की भूमि बताते हुए विश्वास में लेकर जिला न्यायालय दुर्ग परिसर में 13 लाख रुपए में क्रय करने का सौदा तय किया था। 21 अगस्त 2019 को दो गवाहों की उपस्थिति में इकरारनामा निष्पादित किया गया था।
अनुबंध के समय परिवादी ने बतौर बयान 5 लाख रुपए दे दिए थे। इसके बाद आरोपी ने सीमांकन करने का आश्वासन देकर 11 जनवरी 2020 को ढाई लाख रुपए नगद तथा बाद में 50 हजार रुपए प्राप्त किए थे। इस तरह आरोपी ने कुल परिवादी से आठ लाख रुपए प्राप्त कर लिए थे। जब परिवादी जितेंद्र अग्रवाल रजिस्ट्री करने का आग्रह करने लगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा था। परिवादी ने भूमि खसरा का ऑनलाइन रिकॉर्ड निकालने पर पाया कि भूमि आरोपी भीमराज के नाम पर दर्ज नहीं है बल्कि वह अर्जुन पिता राजू लाल व ज्योति के नाम पर दर्ज है। आरोपी ने यह जानते हुए भी कि भूमि का स्वामी वह नहीं है। परिवादी को धोखे में रखकर फर्जी इकरार नामा किया और 8 लाख रुपए प्राप्त कर लिया था। पूर्व में परिवादी द्वारा थाना प्रभारी दुर्ग तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग को लिखित शिकायत दी गई थी परंतु कोई वैधानिक कार्रवाई न होने के कारण न्यायालय की शरण प्रार्थी ने ली थी। परिवादी के अधिवक्ता के तर्कों को सुनने एवं रिकॉर्ड पर उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी होने का मामला सामने आने पर न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज करने का आदेश दिया था।