दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 जुलाई। अवैध रूप से नशीली दवाइयां की बिक्री कर रहे तीन आरोपियों सहित इन लोगों को दवाई की सप्लाई करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट दुर्ग पी.एस. मरकाम की कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में बिताई गई अवधि 190 दिन के सश्रम कारावास एवं 10-10 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक सूरज शर्मा ने पैरवी की थी।
सूरज शर्मा ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को कुम्हारी पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुर चौक बस स्टैंड पानी टंकी कुम्हारी अहिवारा रोड के पास कुछ लोग नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मोहम्मद इकबाल निवासी कुम्हारी डीएमसी तालाब पार, बृजेश कुमार पासवान निवासी भटगांव रायपुर और मोहम्मद नजरे निवासी हीरापुर जरवाय रायपुर को पकडक़र तलाशी ली। उनके पास से कुल 240 प्रतिबंधित प्रोक्सियों स्पेस कैप्सूल, 50 अल्प्राजोलम टैबलेट, नगदी रकम और मोबाइल फोन जब्त किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह नशीली दवाएं उन्होंने चरोदा निवासी रोहित उर्फ कृष्णा उर्फ नंदी से खरीदी थीं, जिसके बाद उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत चालान न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। न्यायालय ने इसे उनका पहला अपराध मानते हुए पहले से न्यायिक अभिरक्षा में बिताई गई अवधि की सजा, 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जब्त नशीली दवाओं को नियमानुसार नष्ट करने तथा जब्त नगदी को राजसात करने का आदेश न्यायालय ने दिया है।