दुर्ग
महापौर ने किया निरीक्षण, समस्याएं सुन निराकरण के दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 जुलाई। नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत महापौर अलका बाघमार ने वार्ड 59 हरिनगर क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने आयुक्त सुमित अग्रवाल, लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, स्थानीय पार्षद नीलम शिवेंद्र परिहार एवं निगम अधिकारियों के साथ वार्ड के मुख्य मार्गों सहित विभिन्न गलियों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। महापौर ने हरिनगर शिव मंदिर रोड, हैरिटेज स्कूल क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में पहुंचकर सडक़, नाली एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने नाली निर्माण, सडक़ व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। महापौर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी तक नालियों का निर्माण नहीं हुआ है, वहां आवश्यकता अनुसार प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके और नागरिकों को राहत मिल सके। महापौर ने नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को लेकर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि अतिक्रमण के कारण नालियों की नियमित सफाई में बाधा उत्पन्न होती है, जिससे जलभराव एवं स्वच्छता संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सडक़ किनारे रखे बिल्डिंग मटेरियल एवं रेत के कारण आवागमन बाधित पाए जाने पर महापौर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सामग्री जब्त करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, सहायक अभियंता संजय ठाकुर, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, उप अभियंता सिद्धार्थ साहू,जिला भाजपा प्रवक्ता अरुण सिंह, शिवेंद्र परिहार,मनमोहन शर्मा सहित निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्ड नागरिक उपस्थित रहे।