दुर्ग

3 दिनों की मूसलाधार बारिश, शिवनाथ में पानी 4 फीट चढ़ा
07-Jul-2026 4:16 PM
3 दिनों की मूसलाधार बारिश, शिवनाथ में पानी 4 फीट चढ़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 7 जुलाई। तीन दिनों हो रही बारिश के कारण लगातार शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। महमरा एनीकट के साढ़े पांच फीट ऊपर तक पानी का बहाव हो रहा है। जिले में आज भी 64 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। कई नाले उफान पर है जहां से पानी का आवक बढ़ता ही जा रहा है जिसकी वजह से शिवनाथ का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार शाम तक शिवनाथ नदी पर स्थित महमरा एनीकट के सवा फीट ऊपर था जो साढ़े पांच फीट तक पहुंच गया था, अगर आगे भी बारिश जारी रही तो शिवनाथ में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो सकती है।

लगातार हो रही बारिश की वजह से विभिन्न जलाशयों में भी पानी का आवक शुरू हुआ है पिछले दो दिनों तांदुला जलाशय का जलस्तर लगभग डेढ़ प्रतिशत तक बढ़ा है इससे यहां अब कुल क्षमता का 44.79 प्रतिशत तक जल भराव हो गया है। इसी प्रकार गोंदली 56.57, खरखरा 31.26 एवं मटिया मोती में जलभराव बढक़र 36.63 प्रतिशत तक बढ़ गया है। जिले के बोरी तहसील में आज जोरदार बारिश हुई। यहां आज 110 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई जिसे मिलाकर क्षेत्र में अब तक 318.1 मिमी वर्षा हो चुकी है। इसी प्रकार अहिवारा में 72.9, दुर्ग 57.8, धमधा 40.6, पाटन 48.1 एवं भिलाई 3 तहसील में 54.5 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में अब तक कुल 254.8 मिमी वर्षा हो चुकी है जो सामान्य वर्षा का 121.9 प्रतिशत है।


अन्य पोस्ट