दुर्ग

शादी और ट्रांसफर का झांसा, महिला से 6 लाख की ठगी
25-Jun-2026 3:53 PM
शादी और ट्रांसफर का झांसा,   महिला से 6 लाख की ठगी

रायपुर के युवक पर मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 25 जून। रायपुर निवासी एक युवक द्वारा सरकारी कर्मी महिला को विवाह और नौकरी में स्थानांतरण (ट्रांसफर) कराने का झांसा देकर 6 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर दुर्ग की कोतवाली पुलिस ने संदेही के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीडि़ता अपने पति के निधन के बाद सास और 2 नाबालिग बच्चों के साथ रहती है। शिकायत के मुताबिक, मई 2026 में जीवनसाथी ऐप के माध्यम से उसकी बातचीत अर्जुन कसेर नामक व्यक्ति से हुई। बातचीत के दौरान उक्त व्यक्ति ने खुद को तलाकशुदा और सिंचाई विभाग में लिपिक (क्लर्क) बताते हुए विवाह का प्रस्ताव रखा था।

पीडि़ता ने अपनी शिकायत में बताया कि संदेही ने उसका ट्रांसफर धमधा से रायपुर के पास कराने का झांसा दिया। उसने खुद को इंद्रावती भवन में वरिष्ठ अफसरों के अधीन कार्यरत बताते हुए स्थानांतरण के एवज में 7 लाख खर्च होने की बात कही। संदेही की बातों में आकर पीडि़ता ने भारतीय स्टेट बैंक मालवीय नगर दुर्ग से पर्सनल लोन लिया और अलग-अलग फोन नंबरों पर 90,000 ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद, शेष 5 लाख देने के लिए संदेही ने उसे रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के पास बुलाया। वहाँ से वह पीडि़ता को एक रेस्टोरेंट में ले गया, जहाँ उसने 5 लाख की नकद राशि यह कहकर ली कि वह इसे शिक्षा विभाग के अधिकारियों को देने जा रहा है। कुछ समय बाद उसने वापस आकर काम जल्द होने का दावा किया।

शिकायत के अनुसार, कुछ दिनों बाद पीडि़ता को संदेही की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिस पर उसने व्हाट्सएप के माध्यम से उसके तलाक के प्रमाण पत्र और शासकीय नौकरी के जॉइनिंग आदेश की प्रति मांगी। संदेही द्वारा लगातार टालमटोल किए जाने पर पीडि़ता ने जांच की, जिससे उसे खुद के साथ हुई धोखाधड़ी की आशंका हुई।

इसके बाद पीडि़ता ने संदेही से विवाह और ट्रांसफर से इनकार करते हुए अपनी राशि वापस मांगी। राशि वापस न मिलने पर पीडि़ता ने दुर्ग कोतवाली थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने स्थापित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर संदेही की तलाश शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट