दुर्ग

सीआईएसएफ के जवानों ने किया योगाभ्यास
23-Jun-2026 3:53 PM
सीआईएसएफ के जवानों ने किया योगाभ्यास

स्वस्थ जवान ही सुरक्षित राष्ट्र की गारंटी-उप कमांडेंट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 23 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ)  द्वारा उतई भिलाई स्थित प्रशिक्षण संस्थान के उप कमांडेंट कार्यलय परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन उप कमांडेंट सी.एम.यादव के नेतृत्व में किया गया।

सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के विभिन्न जवानों ने भाग लिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, प्राणायाम और अन्य आसनों पर अभ्यास कराया गया।

उप कमांडेंट सी.एम. यादव ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान 24 घंटे देश की महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ड्यूटी का तनाव कम करने और शारीरिक-मानसिक रूप से फिट रहने के लिए योग सबसे बेहतर माध्यम है। स्वस्थ जवान ही सुरक्षित राष्ट्र की गारंटी है।

श्री यादव ने सभी जवानों से दैनिक दिनचर्या में 30 मिनट योग को शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को बल तभी मिलेगा, जब सुरक्षा बल खुद फिट रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने ‘योग को जीवन का हिस्सा बनाने’ का संकल्प लिया। इस अवसर पर ए. के.वर्मा, आर.सी.मिश्रा, अनुकूल गुप्ता, अजय सहित बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट