दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 20 जून। शासकीय महाविद्यालय मचांदूर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नए विषयों की शुरुआत की मांग को लेकर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार यदु एवं कॉलेज संघर्ष समिति के अध्यक्ष सीताराम यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर से मुलाकात की। समिति ने विधायक को कॉलेज की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए छात्र संख्या में आ रही कमी पर चिंता जताई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि महाविद्यालय परिसर बड़ा है, जहाँ प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए आते हैं। शासकीय मद में राशि उपलब्ध न होने के कारण वर्तमान में कॉलेज में नियमित सफाईकर्मी और रात्रिकालीन चौकीदार की नियुक्ति नहीं हो पाई है। इससे परिसर की स्वच्छता और रात्रि में लैब सामग्री, बहुमूल्य उपकरणों व फर्नीचर की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
वर्तमान में कॉलेज के विज्ञान संकाय में केवल गणित विषय ही संचालित है। समिति ने बताया कि बायोलॉजी विषय न होने के कारण 12वीं के बाद मेडिकल, नर्सिंग, कृषि या फार्मेसी क्षेत्र में जाने के इच्छुक ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अन्य दूरस्थ कॉलेजों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त भार पड़ता है।
इसी तरह, कला संकाय में अभी केवल अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषय ही उपलब्ध हैं। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार यदु ने मांग की कि यदि कला संकाय में हिंदी साहित्यज्विषय प्रारंभ किया जाए, तो शिक्षक पात्रता और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले स्थानीय छात्रों को काफी सुविधा होगी।
समस्याओं को सुनने के बाद विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के शैक्षणिक संस्थानों को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के लिए जनभागीदारी निधि या स्थानीय निधि से अस्थायी व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही, आगामी शैक्षणिक सत्र से विज्ञान संकाय में बायोलॉजी और कला संकाय में हिंदी साहित्य विषय की स्वीकृति हेतु उच्च शिक्षा विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार यदु, कॉलेज संघर्ष समिति के अध्यक्ष सीताराम यादव, सेवा सहकारी समिति मचांदूर के अध्यक्ष फलेंद्र सिंह राजपूत, नवाब खान, सफीर खान सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे।