दुर्ग

सिंगापुर में गूंजी छत्तीसगढ़ की आवाज, भिलाई लौटे साहित्यकार
20-Jun-2026 2:58 PM
सिंगापुर में गूंजी छत्तीसगढ़ की आवाज, भिलाई लौटे साहित्यकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाईनगर, 20 जून।। भाषा अस्मिता अकादमी और छत्तीसगढ़ मित्र भारत के संयुक्त तत्वावधान में सिंगापुर के लिटिल इंडिया स्थित शिवम् रेस्टोरेंट में एक विशेष अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में हिस्सा लेकर छत्तीसगढ़ के साहित्यकारों और संस्कृति कर्मियों का दल 18 जून को वापस भिलाई लौट आया है। यह दल इस अंतरराष्ट्रीय विमर्श के लिए 12 जून को भिलाई से रवाना हुआ था। सिंगापुर यात्रा के दौरान दल ने वहां के ऐतिहासिक बौद्ध मंदिरों सहित विभिन्न सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण भी किया।

विश्व को हिंदी साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रदेय पर मंथन

इस विशेष अंतरराष्ट्रीय गोष्ठी का मुख्य विषय ‘विश्व को हिंदी साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रदेय’  था। कार्यक्रम की अध्यक्षता जसवंत क्लाडियस ने की, जबकि समारोह का संचालन उर्मिला ऊर्मी ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंगापुर की लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय कवयित्री नीतू गुजराल उपस्थित थीं। उनके हाथों सभी प्रतिभागियों को सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

इंदरू केवट सम्मान और साहित्यिक विमर्श

इस गरिमामय मंच पर साहित्यिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय व अनुकरणीय कार्य करने के लिए साहित्यकार, पूर्व दुर्ग निषाद समाज जिलाध्यक्ष व सेवानिवृत्त शिक्षक बद्री प्रसाद पारकर को इंदरू केवट सम्मान से नवाजा गया। समारोह में शामिल प्रतिभागियों को अपनी कविता व रचना पाठ के लिए 5 मिनट का समय दिया गया, वहीं गैर-साहित्यकार विधा से जुड़े सदस्यों ने भी इस वैश्विक मंच पर अपने अनुभवों को साझा किया।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में देश-विदेश की नामचीन हस्तियां उपस्थित रहीं, जिनमें मुख्य रूप से  ज्योत्स्ना सक्सेना, बद्री प्रसाद पारकर, डॉ. सीमा अवस्थी, डॉ. कल्पना सुखदेवे शामिल हैं।

समारोह के सफल आयोजन में संयोजक डॉ. सुधीर शर्मा और  वीरेंद्र शर्मा अनुज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में डॉ. तृषा शर्मा द्वारा सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


अन्य पोस्ट