दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 जून। अधिक मास के अवसर पर माहेश्वरी महिला मंडल दुर्ग द्वारा भगवान श्री कृष्ण एवं रामदेव बाबा का विधि-विधान से अभिषेक, श्रृंगार, भोग, तुलादान एवं दीपदान किया गया। इसके पश्चात भगवान श्री कृष्ण की आरती हुई। इस आयोजन में महिला मंडल की पूर्व पदाधिकारी एवं सदस्यगण, साथ ही महेश्वरी पंचायत एवं युवा संगठन के सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संचालन में कार्यक्रम प्रभारी माया राठी, ऊषा भूतड़ा एवं भाग्यश्री साबू का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत एक सुंदर नृत्य-नाटिका का भी मंचन किया गया, जिसमें शशि राठी, भाग्यश्री साबू, नम्रता बजाज एवं रुतुजा सोमानी ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से तुलादान एवं भगवान की भक्ति के महत्व को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। यह संपूर्ण आयोजन महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति साबू एवं सचिव श्वेता झंवर तथा समस्त महिला मंडल टीम के मार्गदर्शन में हुआ।


