दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 14 जून। दुर्ग जिले की सुपेला पुलिस ने फाइनेंस कंपनियों और एक युवक के साथ कथित धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे व्यक्ति के नाम पर मोबाइल फोन, एसी, एलईडी टीवी समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान फाइनेंस कराए और बाद में उनकी किस्तों का भुगतान बंद कर दिया।
सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि इस मामले में कुल 1 लाख 73 हजार 513 रुपये की बकाया फाइनेंस राशि सामने आई है। वहीं शिकायतकर्ता के बैंक खाते से भी करीब 16 हजार रुपये कटने की जानकारी मिली है। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका परिचित शेखर देशमुख अपने सहयोगी के साथ सुपेला स्थित एक मोबाइल शोरूम पहुंचा और उसके नाम पर बजाज फाइनेंस के जरिए आईफोन फाइनेंस कराया। मोबाइल लेने के बाद आरोपी ने भुगतान की जिम्मेदारी खुद लेने की बात कही थी।
इसके बाद आरोपी और उसके साथियों ने कथित रूप से विभिन्न फाइनेंस कंपनियों के माध्यम से शिकायतकर्ता के नाम पर कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद भी खरीदे। शुरुआती कुछ महीनों तक किस्तों की राशि जमा कराई गई, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया।
जांच में सामने आया बड़ा आर्थिक नुकसान
किस्तें जमा नहीं होने के कारण फाइनेंस कंपनियों की देनदारी शिकायतकर्ता पर आ गई। परिणामस्वरूप उसके बैंक खाते से रकम कटती रही और उस पर लाखों रुपये का वित्तीय भार बढ़ गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान आरोपी की भूमिका स्पष्ट होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इन स्थानों से कराया सामान फाइनेंस
जांच में जिन प्रतिष्ठानों के नाम सामने आए हैं, उनमें सुपेला स्थित मोबाइल शोरूम, दुर्ग के इलेक्ट्रॉनिक्स प्रतिष्ठान तथा शहर के प्रमुख डिजिटल स्टोर शामिल हैं, जहां से मोबाइल, एसी और एलईडी टीवी जैसे उत्पाद फाइनेंस कराए गए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर देशमुख दुर्ग के रूप में हुई है।


