दुर्ग

यातायात बाधित कर रहे ठेले-खोमचे हटाए गए
14-Jun-2026 5:55 PM
यातायात बाधित कर रहे ठेले-खोमचे हटाए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 जून। नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

 इसी क्रम में आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर अग्रसेन चौक एवं उसके आसपास सडक़ एवं आवागमन क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे ठेले-खोमचों को हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर के नेतृत्व में निगम अमले एवं पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुई। अभियान के दौरान सडक़ किनारे एवं चौक क्षेत्र में यातायात बाधित कर रहे सभी ठेले-खोमचों को हटवाया गया, जिससे आवागमन सुचारू हो सके तथा नागरिकों को जाम एवं असुविधा से राहत मिल सके।

कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर ने संबंधित ठेला संचालकों एवं व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक सडक़, चौक एवं आवागमन क्षेत्र में दोबारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था बाधित न करें। यदि भविष्य में पुन: अतिक्रमण करते पाए गए तो निगम द्वारा सामान जब्त करने के साथ-साथ नियमानुसार जुर्माना एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।

निगम प्रशासन द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं व्यस्त मार्गों पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों एवं सडक़ मार्गों पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और यातायात बाधा मुक्त बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।


अन्य पोस्ट