दुर्ग

महीनों पुरानी चोरी का खुलासा, महिला आरोपी गिरफ्तार
14-Jun-2026 5:54 PM
महीनों पुरानी चोरी का खुलासा, महिला आरोपी गिरफ्तार

भिलाई नगर, 14 जून। नेवई थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक पुराने मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच के दौरान आरोपी तक पहुंची और उसके कब्जे से चोरी गई चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद करने में सफलता हासिल की।

नेवई थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि 25 नवंबर 2025 को स्टेशन मरोदा निवासी सोहद्रा साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की आलमारी में रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 62 हजार रुपये बताई गई थी।

शिकायत के आधार पर थाना नेवई में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए संदिग्धों की पहचान की।

जांच के दौरान पुलिस को मिले सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूर्णिमा साहू नामक महिला पर संदेह हुआ। पूछताछ में मिले तथ्यों और मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी के कब्जे से चोरी गई चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद की गई।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

गिरफ्तार महिला की पहचान पूर्णिमा साहू  के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के ग्राम रुपास की निवासी है तथा वर्तमान में शंकरनगर, कैम्प-1, सुपेला, भिलाई में रह रही थी। आरोपिया से चांदी की 2 जोड़ी पायल, वजन 33.800 ग्राम एवं 28.680 ग्राम जब्त कर ली गई है।


अन्य पोस्ट