दुर्ग
दुर्ग, 13 जून। वाहन खड़ी करने के विवाद में ट्रक चालक से मारपीट कर उसकी हत्या करने वाले हाईवा चालक को कुम्हारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मारपीट करने के बाद ट्रक चालक की तबीयत बिगड़ी और उसे अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के कथन एवं जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस ने बताया कि 10 जून को टोल प्लाजा कुम्हारी के पास ट्रक एच आर 38 जेड 3022 के चालक द्वारा कटिंग से यू टर्न लेते समय दुर्ग रायपुर मार्ग पर वाहन खड़ी कर दिया था। इसी दौरान हाईवा सीजी 04 एल बी 9345 उक्त ट्रक के समीप आकर रुका। वाहन खड़ी करने की बात को लेकर दोनों चालकों के बीच विवाद हुआ, जिसमें हाईवा चालक आरोपी देव कुमार साहू निवासी ग्राम भूसरेंगा पोस्ट बेलौदी थाना रनचिरई जिला बालोद द्वारा चालक के साथ हाथ मुक्के से मारपीट की गई। इसके बाद घायल की तबीयत बिगड़ गई और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 105 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया है।


