दुर्ग
12 जून को लगेगा समाधान शिविर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 जून। राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त मांग, शिकायत एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित आवेदनों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सभी जोन अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उनका शीघ्र एवं सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शिकायतों और मांगों के निराकरण के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए निगम के सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सुशासन तिहार के तहत नागरिकों की समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं के लाभ वितरण के उद्देश्य से 12 जून 2026, शुक्रवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन में समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और आवेदकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा।
निगम प्रशासन द्वारा शिविर में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक आवेदक को दूरभाष, लिखित सूचना अथवा अन्य माध्यमों से पूर्व सूचना प्रदान की जाएगी।
आवेदकों एवं हितग्राहियों से निर्धारित तिथि पर समाधान शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण एवं योजनाओं के लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है। निगम आयुक्त ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और आम नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में सभी आवेदनों के निराकरण की नियमित समीक्षा भी की जा रही है, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।


