दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 जून। चेम्बर द्वारा स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत व्यापारियों के स्टाफ को सशक्त बनाने के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की जानकारी छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने दी। उन्होंने बताया कि व्यापारिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को आधुनिक व्यापारिक प्रक्रियाओं, ग्राहक सेवा, प्रबंधन कौशल और शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे अपने कार्यस्थल पर अधिक दक्षता और अनुशासन के साथ काम कर सकें।
बैठक का आयोजन स्वावलंबन केंद्र भिलाई में किया गया, जहाँ इस कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम का नेतृत्व हिन्दू जन जागृति समिति के कमल बिस्वाल करेंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य व्यापारियों के स्टाफ को प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है, ताकि वे व्यापारिक संस्थानों के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर यह भी उल्लेख किया गया कि केवल तकनीकी और प्रबंधन कौशल ही नहीं, बल्कि अध्यात्म से जुड़ाव भी चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अध्यात्म से जुडक़र कोई व्यक्ति गलत मार्ग पर नहीं जाता। अध्यात्म को मानना और जानना दोनों अलग-अलग बातें हैं, लेकिन जीवन में गुरु का महत्व सर्वोपरि है। गुरु वह शक्ति है जो व्यक्ति को कठिनतम परिस्थितियों से निकालकर सही मार्ग पर ला सकती है। कहा गया कि यदि ईश्वर नाराज हो जाए तो गुरु उसे मना सकते हैं, लेकिन यदि गुरु नाराज हो जाए तो ईश्वर भी मदद नहीं कर सकते।
इसी संदर्भ में व्यापारिक जगत में स्टाफ और मालिक के बीच विश्वास को भी सबसे बड़ी पूंजी बताया गया। जब कर्मचारी और मालिक के बीच आपसी भरोसा और पारदर्शिता होती है, तभी संस्थान प्रगति करता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य इसी विश्वास को मजबूत करना है, ताकि व्यापारिक संस्थान केवल आर्थिक लाभ तक सीमित न रहकर सामाजिक और नैतिक मूल्यों को भी आत्मसात कर सकें।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक व्यापारी और उनके स्टाफ इसका लाभ उठा सकें। स्वावलंबी भारत अभियान की यह पहल स्थानीय व्यापार जगत को नई दिशा देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान करेगी।इस बैठक में चिन्ना राव, हेमन्त अरोरा,गौरव मोंगिया,टीना सातपुते,अमन मिश्रा,माधुरी परासर,यूवा आयाम प्रमुख विजय मिश्रा उपस्थित थे।


