दुर्ग
दुर्ग, 8 जून। सेवा, समर्पण और मानवता की मिसाल बन चुकी श्री राधाकृष्ण मंदिर, महेश नगर, दुर्ग द्वारा संचालित श्री राम रसोई ने अपने सफल संचालन के दो वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस अवसर को यादगार बनाने संस्था द्वारा 8 जून को संकट मोचन हनुमान मंदिर मालवीय नगर चौक में द्वितीय वर्षगांठ समारोह का भव्य आयोजन किया गया है। यह समारोह सुबह 11.45 बजे शुरु होगा।
श्री राम रसोई के संचालन के संबंध में संस्था के प्रमुख चतुर्भुज राठी ने बताया कि श्री राम रसोई के माध्यम से दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव और गुण्डरदेही सहित कुल 25 स्थानों पर जरूरतमंद लोगों को मात्र 20 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
सेवा के इस अभियान ने दो वर्षों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 18 लाख 72 हजार 700 थालियों का वितरण किया है, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय कीर्तिमान है। श्री राठी ने बताया कि श्री राम रसोई का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सम्मानपूर्वक भोजन पहुंचाना है।


