दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 7 जून। शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय उतई की बी.एस-सी. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा हर्षिका का चयन भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित योजना अग्निवीर के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार एवं महाविद्यालय के लिए है, बल्कि उतई क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है।
हर्षिका ने अपनी लगन, कठिन परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण एवं चिकित्सकीय परीक्षण जैसे कठिन चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पार करते हुए, हर्षिका ने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हर्षिका को बधाई देते हुए कहा है कि उनका चयन क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनेगा तथा राष्ट्र सेवा के प्रति युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
हर्षिका के इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. पी. कुर्रे, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. ए. के. श्रीवास्तव, कैप्टन डॉ. अनुसूईया जोगी ने शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है, और आशा व्यक्त की है कि वे भारतीय वायु सेना में उत्कृष्ट सेवा प्रदान कर महाविद्यालय एवं देश का नाम गौरान्वित करेगी।


