दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बघेरा स्थित आनंद सरोवर में मंत्री गजेंद्र यादव के द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर परिसर में करंज के पौधे का रोपण किया गया साथ ही बघेरा से हाइवे को जोडऩे वाली नवनिर्मित सडक़ के दोनों तरफ वृक्षारोपण किया गया ।
ब्रह्माकुमारी चैतन्य प्रभा दीदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है प्रकृति हमारी आवश्यकता नहीं है,प्रकृति हमारी जीवन है और इसकी रक्षा करना हम सब का कर्तव्य है । आज देख रहे तापमान बढ़ रहा है बाढ़,अकाल यह सब हो रहा है और इसका कारण सिर्फ और सिर्फ जलवायु परिवर्तन है तो आज हम सभी मिलकर भले हम वृक्ष तो लगाते हैं वह बहुत अच्छा है हम सबको लगाना है हम यह वृक्ष लगाने का शुभ संकल्प करते हैं और साथ-साथ हम एक और शुभ संकल्प करते हैं प्रकृति को शुद्ध बनाने का जैसे आज प्रदूषण बढ़ रहा है ऐसे एक और प्रदूषण बढ़ रहा है वह है व्यर्थ विचारों का मानसिक प्रदूषण बढ़ रहा है। क्योंकि व्यर्थ सोचना,व्यर्थ देखना,व्यर्थ बोलना इसके लिए आज हम सब यह संकल्प करेंगे कि हम व्यर्थ बातें सुनना,देखना,बोलना इससे हम स्वयं को आज मुक्त रखेंगे ।
उन्होंने कहा आज से कुछ वर्ष पूर्व जब कहते थे दुर्ग का तापमान सबसे ज्यादा है लेकिन आज हम देख रहे हैं कि आज तापमान कितना ज्यादा है और यदि पर्यावरण के प्रति हमारी जवाबदेही नहीं होगी तो यह अगले पांच सालों में और ही भयावह स्थिति निर्मित हो जाएगी ।
प्रकृति को हम देवों के रूप में पूजते हैं अग्नि देव,जल देव,वरुण देव। देखते हैं गांव में शीतला देवी के मंदिर के पास नीम का पेड़ अवश्य होता है कहा जाता है कि यदि पीपल का वृक्ष लगाते हैं तो भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं पर्यावरण के प्रति हमारे धर्म शास्त्रों में भी ऐसा उल्लेख है कि वृक्ष हमारे माता-पिता व पालक है प्रकृति जीवन दायिनी है जो हम सभी को संरक्षित करती है तो हमारा भी कर्तव्य है प्रकृति को हम भी संरक्षित करें ।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी दुर्ग की संचालिका रीटा दीदी ने पर्यावरण दिवस पर अपनी शुभकामनाएं सभी को दी । इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमलेश फेकर,दिनेश देवांगन ममता देवांगन,विनायक राव नातू, राकेश यादव,अभिलाषा गुप्ता,पार्षद रेशमा सोनकर, उमेश सेन इत्यादि उपस्थित थे।


