दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जून । नगर पालिक निगम भिलाई ने जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 49 स्थित हार्ट बाजार के पास एक पुराने जर्जर भवन को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया। निगम प्रशासन ने यह कार्रवाई क्षेत्र में लंबे समय से संचालित हो रही अवैध एवं असामाजिक गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद की।
जानकारी के अनुसार उक्त भवन काफी समय से जर्जर अवस्था में था और वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि भवन के भीतर शराबखोरी, गांजा सेवन और जुआ जैसी गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिससे आसपास के रहवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी नागरिकों में चिंता बनी हुई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम भिलाई के राजस्व विभाग, बेदखली विभाग तथा पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने जेसीबी के माध्यम से पूरे जर्जर भवन को ध्वस्त कर दिया, जिससे असामाजिक गतिविधियों के इस कथित अड्डे का पूरी तरह सफाया हो गया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध कब्जों, जर्जर भवनों तथा असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि अपने क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


