दुर्ग

नाला-नाली सफाई कार्यों में तेजी लाने महौपार ने दिए निर्देश
03-Jun-2026 4:01 PM
नाला-नाली सफाई कार्यों में तेजी लाने महौपार ने दिए निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 जून।
निगम क्षेत्र अंतर्गत महापौर अलका बाघमार ने लोककर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, वित्त विभाग प्रभारी नरेंद्र बंजारे, पार्षद रेशमा सोनकर एवं पार्षद सरस निर्मलकर के साथ वार्ड 57 एवं 58 का लगभग दो घंटे तक सघन निरीक्षण कर क्षेत्र की साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था, नाला-नाली निर्माण तथा नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत वार्ड 57 में श्रीराम मैरिज पैलेस क्षेत्र से की गई। महापौर ने गलियों एवं मोहल्लों में पहुंचकर नाला एवं नालियों की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल को देखते हुए जलभराव की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए नालियों की सफाई तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां नाली निर्माण एवं नाला किनारे सफाई कार्य की आवश्यकता पाई गई, वहां तत्काल कार्ययोजना बनाकर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। नाला निर्माण से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के लिए महापौर ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर लंबित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने कहा। महापौर अलका बाघमार ने क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा दामादपारा, बजरंग नगर एवं उरला तालाब किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों को चिन्हांकित कर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई करने कहा।
 निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता मोहम्मद सलीम सिद्दिकी,भवन अधिकारी प्रकाशचंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, मोहित मरकाम, सिद्धार्थ साहू, प्रेरणा दुबे, सुरेश भारती सहित निगम का अमला उपस्थित रहा।


अन्य पोस्ट