दुर्ग

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्माकुमारी का व्यसनमुक्त आध्यात्मिक प्रदर्शनी
02-Jun-2026 5:07 PM
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्माकुमारी का व्यसनमुक्त आध्यात्मिक प्रदर्शनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 जून।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, राजयोग भवन सेक्टर-7, भिलाई तथा राजयोगा एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के मेडिकल विंग द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन में व्यसनमुक्त आध्यात्मिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी का शुभारंभ भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका ब्रह्माकुमारी आशा दीदी, एफ.एस.एन.एल. के  पंकज त्यागी तथा भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन की पर्यवेक्षक श्रीमती भोई द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
 आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से ब्रह्माकुमारी पूजा दीदी ने  बताया कि धूम्रपान, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों में अनेक हानिकारक रसायन होते हैं, जो हमारे मस्तिष्क और शरीर को गंभीर क्षति पहुंचाते हैं। नशे के सेवन से व्यक्ति को क्षणिक राहत अथवा आराम का अनुभव होता है, लेकिन धीरे-धीरे यही आदत उसकी कमजोरी बनकर अनेक शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक समस्याओं का कारण बन जाती है तथा परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग प्राय: शौक अथवा साथियों के प्रभाव में नशे की शुरुआत करता है, लेकिन समय के साथ तनाव, चिंता और परेशानियों के कारण उसका सेवन बढ़ता जाता है और व्यक्ति इसकी लत का शिकार हो जाता है।
नशे से मुक्त होने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण, श्रेष्ठ संग और सकारात्मक जीवनशैली आवश्यक है। राजयोग मेडिटेशन मन की शक्ति बढ़ाकर व्यक्ति को श्रेष्ठ निर्णय लेने में सक्षम बनाता है, जिससे वह नशे से मुक्त होकर तनावमुक्त एवं सुखी जीवन जी सकता है।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर  दुर्ग जंक्शन रेलवे स्टेशन, भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन, रायपुर रेलवे स्टेशन तथा भाटागांव बस स्टैंड एवं छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान को मिलाकर बने इंदौर जोन में एक साथ नशा मुक्ति चित्र प्रदर्शनी का वृहद आयोजन किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में नशे के विरूद्ध जनजागरुकता अभियान चलाया गया।


अन्य पोस्ट