दुर्ग

41 लाख के 201 गुम मोबाइल पुलिस ने किए बरामद, मालिकों को लौटाए
02-Jun-2026 3:52 PM
41 लाख के 201 गुम मोबाइल पुलिस ने किए बरामद,  मालिकों को लौटाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 2 जून। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने 201 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 41 लाख रुपये बताई गई है। इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सौंपा गया।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि दुर्ग जिले के विभिन्न थानों में लगातार मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग के निर्देश पर गुम मोबाइलों की खोज के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वर्ष 2024, 2025 और 2026 में गुम हुए मोबाइल को सीईआईआर पोर्टल की सहायता से ट्रेस किया। जांच के दौरान दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, रायपुर सहित मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश से कुल 201 मोबाइल बरामद किए गए। बरामद मोबाइल विभिन्न कंपनियों के हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपये है। सभी मोबाइलों का सत्यापन करने के बाद संबंधित आवेदकों को विधिवत वापस सौंपा गया।

दुर्ग पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में यह चौथा मोबाइल वितरण कार्यक्रम है। इससे पहले भी बड़ी संख्या में गुम मोबाइल खोजकर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइलों के आईएमईआई नंबरों की सूची दुर्ग पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपलोड की जाएगी। सूची में अपना मोबाइल पहचानने वाले नागरिक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट कार्यालय, सेक्टर-3 भिलाई पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर मोबाइल प्राप्त कर सकते हैं।


अन्य पोस्ट