दुर्ग

कार के गुप्त चेंबर में छिपाकर ला रहे थे गांजा, दुर्ग पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा
01-Jun-2026 6:28 PM
कार के गुप्त चेंबर में छिपाकर ला रहे थे गांजा, दुर्ग पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

भिलाई नगर, 1 जून। कुम्हारी थाना पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से 14.5 किलो गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए वाहन के चारों दरवाजों में विशेष गुप्त चेंबर तैयार कर रखे थे, जिसे पुलिस ने बारीकी से जांच कर खोज निकाला।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक क्रेटा कार में अवैध गांजा महासमुंद और रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बिक्री के लिए लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया।

दरवाजों के अंदर बनाया था हाईटेक छिपाव

जांच के दौरान पुलिस ने क्रेटा कार क्रमांक सीजी 04 एचएक्स 6908 को रोक कर तलाशी ली। प्रारंभिक निरीक्षण में वाहन से गांजे की गंध आने पर टीम ने गहन जांच की। इस दौरान पता चला कि तस्करों ने वाहन के चारों दरवाजों के अंदर खाली जगह को गुप्त चेंबर में बदल दिया था। चेंबरों में गांजा भर कर ऊपर से फाइबर शीट चिपका दी गई थी, जिससे सामान्य जांच में इसका पता नहीं चल सकता था।

पुलिस ने दरवाजों को खोलकर तलाशी ली और कुल 14.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

उड़ीसा से लाकर भिलाई-दुर्ग में बेचने की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान तीरथा ठेला (36 वर्ष) निवासी नुआपाड़ा उड़ीसा और किशन जगत (35 वर्ष) निवासी कुम्हारी जिला दुर्ग के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि गांजा उड़ीसा के कंधमाल क्षेत्र से खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में अवैध बिक्री के लिए लाया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इसी तरह गांजा तस्करी कर चुके हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

17.77 लाख रुपये की सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.5 किलोग्राम गांजा, क्रेटा कार, नगद 22 हजार रुपये और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। 

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा। मामले में अन्य तस्करों और सप्लायरों की भूमिका की भी जांच जारी है।


अन्य पोस्ट