दुर्ग
महंगाई और किसान मुद्दों पर सरकार को घेरा
उतई, 1 जून। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और कांग्रेस नेता ताम्रध्वज साहू ने सरकार की नीतियों और सुशासन तिहार के आयोजनों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, उर्वरक (खाद) की कमी और आम जनता की आर्थिक परेशानियों को लेकर केंद्र व राज्य सरकार की आलोचना की है।
पूर्व गृहमंत्री ने सुशासन तिहार को ढोंग करार देते हुए कहा कि जहां एक तरफ आम नागरिक महंगाई का सामना कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार सुशासन का प्रचार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इन शिविरों के दौरान खाद की कमी, धान खरीदी में कथित अनियमितता और वसूली जैसे मुद्दों को लेकर जनता और किसानों में असंतोष है, जिससे कई स्थानों पर सत्ता पक्ष के ही विधायक और नेता असहज स्थिति में नजर आ रहे हैं।
श्री साहू ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां किसानों के अनुकूल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बड़े किसानों को आसानी से खाद मिल जा रही है, जबकि छोटे और गरीब किसान भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने अंदेशा जताया कि धान की उपज कम करने के उद्देश्य से ऐसी परिस्थितियां बनाई जा रही हैं ताकि सरकार को कम धान खरीदना पड़े।
पूर्व मंत्री ने केंद्र और राज्य की सरकार पर महंगाई रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के साथ-साथ रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का बजट प्रभावित हुआ है और भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो रही है।
उन्होंने वर्तमान सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि चुनाव के समय दिखाए गए दावों के विपरीत लगातार कीमतों में वृद्धि की जा रही है, जिससे स्पष्ट होता है कि सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है।


