दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 27 मई। दुर्ग जिले के थाना रानीतराई क्षेत्र के औसर में इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड कर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम औसर के कुछ युवकों ने इंस्टाग्राम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धारदार हथियार के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए थे। वे इलाके में अपनी दबंगई और रौब झाडऩे का प्रयास कर रहे थे। यह मामला स्थानीय समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ, जिसके बाद थाना रानी तराई पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और सोशल मीडिया पर एक्टिव इन युवकों को ट्रैक कर हिरासत में ले लिया।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों युवकों ने इंस्टाग्राम पर हथियार वाली आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम औसर थाना रानी तराई निवासी तुलाराम गायकवाड़ और गुलशन भारती शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल और इंस्टाग्राम पोस्ट से जुड़े तमाम इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।


