दुर्ग
दुर्ग, 27 मई। नगर निगम दुर्ग द्वारा शहर में लगातार गिरते भूजल स्तर को नियंत्रित करने एवं वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नागरिकों से अपने घरों एवं भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने की अपील की गई है। निगम प्रशासन ने कहा है कि वर्षा जल का संरक्षण भविष्य की जल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के निर्माण से भूजल स्तर में सुधार होगा तथा नलकूपों के सूखने जैसी समस्याओं पर नियंत्रण किया जा सकेगा।
नगर निगम क्षेत्रांतर्गत पिछले 10 वर्षों में 75 शासकीय भवनों एवं 2897 निजी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण किया जा चुका है, जिससे जल संरक्षण के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं।
निगम द्वारा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम निर्माण के लिए अधिकृत एजेंसियां निर्धारित की गई हैं। नागरिक इन एजेंसियों के माध्यम से अपने भवनों में सिस्टम स्थापित कर सकते हैं। इसकी अनुमानित लागत लगभग 12 से 15 हजार रुपए निर्धारित की गई है।
नगर निगम प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि जल संरक्षण को जन अभियान बनाते हुए प्रत्येक परिवार रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अपनाकर पर्यावरण संरक्षण एवं भविष्य की जल सुरक्षा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।


