दुर्ग

युवा अधिवक्ता को धमकी, कार्रवाई नहीं होने पर रोष
26-May-2026 4:41 PM
युवा अधिवक्ता को धमकी, कार्रवाई नहीं होने पर रोष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 मई।
साजा तहसील परिसर स्थित व्यवहार न्यायालय में युवा अधिवक्ता गुलशन मनहरे के साथ हुई अभद्रता और जान से मारने की धमकी के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता गुलशन मनहरे के चेंबर में जबरदस्ती घुसकर गाली-गलौज की गई तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद से अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। सप्ताह भर बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी को न तो पूछताछ के लिए बुलाया गया है और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई की गई है, जिससे अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

घटना के विरोध में अब अधिवक्ता संघ आगे की रणनीति तैयार करने में जुट गया है। अधिवक्ता संघ के सहसचिव मनोज वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अति शीघ्र अधिवक्ता संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा कर आगामी कदम तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा और न्यायालय परिसर की गरिमा से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो आंदोलनात्मक निर्णय भी लिया जा सकता है।

इस घटना की निंदा केवल साजा तक सीमित नहीं रही, बल्कि रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और बेमेतरा सहित विभिन्न जिलों के अधिवक्ता संघों ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विभिन्न अधिवक्ता संगठनों ने युवा अधिवक्ता गुलशन मनहरे के समर्थन में खड़े होने की बात कही है तथा दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अधिवक्ता संघ बेमेतरा ने भी इस घटना की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के साथ इस प्रकार की घटना बेहद चिंताजनक है।
बताया जा रहा है कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो साजा के अधिवक्ता सडक़ों पर उतरकर प्रदर्शन कर सकते हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन की है, लेकिन इतने गंभीर मामले में भी अब तक कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है। वहीं अब पूरे मामले पर क्षेत्रभर की निगाहें टिकी हुई हैं।


अन्य पोस्ट