दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 मई। गोयल ट्रेडर्स जेवरा सिरसा में 38 लाख रुपए का गबन करने वाले आरोपी को जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने बिलासपुर से पकड़ा है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी ने व्यापारियों से प्राप्त रकम कंपनी खाते में जमा न करते हुए रकम को निजी मकान निर्माण एवं अन्य कार्यों में खर्च कर दिया था । पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश जायसवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 409, 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गोयल ट्रेडर्स जेवरा सिरसा में एरिया सेल्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत आरोपी राजेश जायसवाल द्वारा कंपनी के चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर एवं अन्य पैकेजिंग सामग्री के विक्रय से प्राप्त रकम को कंपनी खाते में जमा नहीं किया गया था। आरोपी द्वारा व्यापारियों से प्राप्त राशि का उपयोग निजी मकान निर्माण एवं अन्य निजी कार्य में किया गया था। जांच में पाया गया था कि वर्ष 2020 से 2022 तक लगभग 26 माह की अवधि में आरोपी द्वारा कुल 38 लाख रुपए का गबन किया गया है।


