दुर्ग
भिलाई नगर, 26 मई। थाना नेवई पुलिस ने घर के बाहर रखे लोहे के सामान की चोरी के मामले में आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्कल नगर स्टेशन मरौदा निवासी उदय ताण्डी ने थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के बाहर रखे लोहे के दरवाजे, एंगल और वेंटीलेटर को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। मामले में थाना नेवई पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेहियों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी लक्की जैन उर्फ सुरेश जैन को चिन्हित किया गया। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी लव कुमार साहू को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया एक लोहे का दरवाजा, तीन लोहे के एंगल और दो लोहे के वेंटीलेटर बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। बाद में दोनों आरोपियों को केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी लक्की जैन उर्फ सुरेश जैन निवासी स्टेशन मरौदा नेवई तथा लव कुमार साहू निवासी दक्षिण गंगोत्री सुपेला भिलाई हैं।


