दुर्ग
भिलाई नगर, 22 मई। नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के आदेशानुसार गुरुवार को नगर निगम की टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 3 (मॉडल टाउन) एवं वार्ड क्रमांक 1 (जुनवानी) के अंतर्गत आने वाले जुनवानी मार्केट के पास एक विशेष कार्रवाई अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सडक़ किनारे और खुले में अवैध रूप से चिकन एवं मछली का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की गई। जुनवानी मार्केट के पास खुले में व्यवसाय कर गंदगी फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 दुकानदारों से कुल 950 (नौ सौ पचास रुपये) का दंडात्मक शुल्क वसूला गया। साथ ही, सभी संबंधित व्यवसायियों को दोबारा खुले में चिकन एवं मछली का विक्रय न करने की कड़ी समझाइश दी गई और उक्त स्थल को पूरी तरह से खाली कराया गया। इस तरह अवैध मांस बिक्री हेतु कुल राशि 950 रुपए की चालानी करवाई कार्यशाला के उपरांत की गई है। अवैध बिक्री एवं गतिविधि के खिलाफ निगम की सख्ती कार्रवाई ऐसे ही जारी रहेगी।


