दुर्ग

दुर्ग की विद्युत व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
22-May-2026 4:25 PM
दुर्ग की विद्युत व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 मई।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों एवं शहरवासियों ने सीएसपीडीसीएल शहर के मुख्य कार्यपालन अभियंता संजय खंडेलवाल को शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती, अव्यवस्थित विद्युत व्यवस्था एवं आम जनता को हो रही परेशानियों के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि पिछले लगभग एक वर्ष से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। हल्की आंधी, बारिश अथवा तूफान आते ही शहर के अनेक बिजली फीडर बंद हो जाते हैं, जिससे घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। इस अव्यवस्था के कारण आमजन जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है तथा व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष विस्तारपूर्वक रखीं। जवाहर नगर क्षेत्र के लोगों ने बताया कि वहां हल्की आंधी-तूफान आते ही घंटों बिजली बंद हो जाती है, जिससे रहवासियों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने यह भी कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। बैठक में उपस्थित लोगों ने विद्युत विभाग के कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर नाराजगी व्यक्त की।

गया नगर, बघेरा क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि कई बार देर रात तक बिजली बंद रहती है और सुधार कार्य में अनावश्यक विलंब किया जाता है। महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को गर्मी के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई लोगों ने यह भी शिकायत की कि पानी भरने एवं नल खोलने के समय ही बिजली कटौती कर दी जाती है।

ज्ञापन में कांग्रेस पार्टी की ओर से मांग की गई कि दुर्ग शहर की विद्युत व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ किया जाए, बार-बार बंद होने वाले फीडरों की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान किया जाए, आंधी-तूफान के दौरान विद्युत व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए तथा विद्युत कटौती की स्थिति में त्वरित सुधार दल सक्रिय किए जाएं।  ज्ञापन देने वालों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, प्रतिपक्ष नेता संजय कोहले, ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद, कौशल किशोरसिंह, राय सिंह ढिकोला, राजू भाटिया, प्रेमलता साहू, प्रवक्ता नासिर खोखर, सुशील भारद्वाज, देवश्री साहू आनंद कपूर ताम्रकार, गुरदीप भाटिया, मनीष बघेल, रतन नारायणदेव, दुष्यंत देवांगन, नंदू शर्मा,  मुकेश साहू, राहुल शर्मा, हेमा साहू,  देव सिन्हा, भूपेंद्र सेन, गणेश सोनी, निकिता सिंह, ज्ञानु बागड़े, जमना साहू, सुनीत घोष, अनीस रजा,अशोक मेहरा, दीपक जैन, दीपक चावड़ा, सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट