दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 मई। नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थी के पुत्र को नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर करीब 7 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ लिए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तालपुरी निवासी राजेन्द्र कुमार बंछोर ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई कि उसके परिचित अमनदीप सोढ़ी ने उसके पुत्र को नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया था। आरोपी ने वर्ष 2022 से 2024 के बीच अलग-अलग समय में कुल 7.50 लाख रुपये नगद लेकर छह माह के भीतर नियुक्ति पत्र दिलाने का आश्वासन दिया था।
काफी समय बीतने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही आरोपी ने रकम वापस की। खुद को ठगा महसूस करने पर प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान आरोपी अमनदीप सोढ़ी के खिलाफ धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना भिलाई नगर में आरोपी के खिलाफ धारा 420 भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं लेनदेन से जुड़े साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमनदीप सोढ़ी दुर्ग के रूप में हुई है।


