दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 मई। सुशासन तिहार के दौरान नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने निगम अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी विभाग प्रमुखों को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा सुशासन तिहार शासन और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
बैठक में पेयजल, साफ-सफाई, सडक़ मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, राजस्व एवं अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि निगम क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें और लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित करें।


