दुर्ग
इलेक्ट्रॉनिक सामान में अधिक लाभ दिलाने का लालच देकर परिवार से वसूले लाखों रुपये
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 20 मई। थाना भिलाई भ_ी पुलिस ने बीमा पॉलिसी और इलेक्ट्रॉनिक सामान में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 38 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
बीमा एजेंट बनकर किया संपर्क
पुलिस के अनुसार भिलाई निवासी प्रार्थी संतोष कुमार ने 17 मई को थाना भिलाई भ_ी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में बीमा पॉलिसी की अवधि पूर्ण होने पर वह सिविक सेंटर स्थित बीमा कार्यालय गया था। इसी दौरान स्वयं को बीमा एजेंट बताने वाले आरोपी के देवा सहायम ने उससे संपर्क किया और अधिक लाभ देने वाली पॉलिसी का झांसा दिया।
परिवार के नाम पर कराया निवेश, फिर किया खेल
आरोपियों ने प्रार्थी और उसके परिवारजनों के नाम पर बीमा कराने के बहाने अलग-अलग किस्तों में चेक और ऑनलाइन माध्यम से 31.30 लाख रुपये ले लिए। इसके अलावा सुपर बाजार से करीब 7 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदवाकर उसे अधिक लाभ में बेचने का लालच दिया गया।
इस तरह आरोपियों ने कुल 38.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
दस्तावेज मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
जब प्रार्थी ने बीमा संबंधी दस्तावेज मांगे तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
दो गिरफ्तार, एक फरार
जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने के. रवि कुमार और के. राजेश कुमार निवासी भिलाई नगर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
फिलहाल मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।


