दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 मई। उर्स पाक क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान यातायात पुलिस ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए सडक़ दुर्घटना में घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया। घटना दुर्ग के राजेंद्र पार्क चौक की है, जहां ई-रिक्शा और बुलेट मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार 17 मई को यातायात निरीक्षक पी डी चंद्रा अपने स्टाफ के साथ उर्स पाक क्षेत्र में पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राजेंद्र पार्क चौक पर सडक़ दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर ई-रिक्शा क्रमांक सीजी 07 सीआर 5041 और बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 09 जेक्यू 2921 के बीच टक्कर होना पाया गया। दुर्घटना में ई-रिक्शा में सवार छाया तिवारी (47 वर्ष) निवासी हनुमान नगर के पैर में फ्रैक्चर आया। यातायात पुलिस ने बिना समय गंवाए घायल महिला को पेट्रोलिंग वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना मोहन नगर के सुपुर्द कर दिया है।
इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई में यातायात निरीक्षक पी. डी. चंद्रा एवं यातायात पेट्रोलिंग स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


