दुर्ग

रेड सिग्नल तोड़ तेज रफ्तार कार से 2 की मौत, आरोपी गिरफ्तार
19-May-2026 3:41 PM
रेड सिग्नल तोड़ तेज रफ्तार कार  से 2 की मौत, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 19 मई। सुपेला थाना क्षेत्र के चंद्रा मौर्या चौक में रेड सिग्नल तोड़ तेज रफ्तार कार से दोपहिया वाहनों को टक्कर मारने वाले आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक मानव वध सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि घटना 17 मई की दोपहर करीब ढाई बजे की है। काले रंग की फोर्ड कार क्रमांक सीजी-07-बीआर-0571 का चालक सागर जायसवाल तेज गति से वाहन चलाते हुए चंद्रा मौर्या चौक पहुंचा और रेड सिग्नल की अनदेखी करते हुए सिग्नल पर खड़े बाइक और स्कूटी सवारों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में नूर खान और मनोहर कुमार गोनाडे की मौके पर मौत हो गई, जबकि सलीम अली गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं जांच के आधार पर थाना सुपेला में धारा 128, 125(ए), 105 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना के बाद आरोपी चालक फरार हो गया था, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी सागर जायसवाल ने घटना करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फोर्ड कार और वाहन संबंधी दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में थाना मोहन नगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत चिट्टा मामले में भी अपराध दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक हादसे का मुख्य कारण तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए रेड सिग्नल का उल्लंघन करना रहा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट