दुर्ग

वट सावित्री व्रत पर सुहागिन महिलाओं ने की पूजा-अर्चना
17-May-2026 10:07 PM
वट सावित्री व्रत पर सुहागिन महिलाओं ने की पूजा-अर्चना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 मई।
वट सावित्री व्रत पर सुहागिन महिलाओं ने न्यू आदर्श नगर, जोन-3 मार्ग क्रमांक 8 में शुक्रवार को सुहागिन महिलाओं द्वारा वट सावित्री व्रत श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाया गया। महिलाओं ने वट (बरगद) वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने बरगद के पेड़ पर जल अर्पित किया तथा रोली, अक्षत, फल एवं पूजा सामग्री चढ़ाकर परंपरागत रीति-रिवाजों का पालन किया।
इसके पश्चात महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर तने पर कच्चा सूत लपेटते हुए पूजा सम्पन्न की। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। इस अवसर पर महिलाओं ने माता सावित्री एवं सत्यवान की कथा का श्रवण एवं वाचन किया। कथा के माध्यम से बताया गया कि वट सावित्री व्रत माता सावित्री के अपने पति सत्यवान के प्रति अटूट प्रेम, समर्पण और निष्ठा का प्रतीक है, जिन्होंने अपने तप, साहस और दृढ़ संकल्प से यमराज से भी अपने पति के प्राण वापस प्राप्त किए थे।


अन्य पोस्ट