दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 मई। मोबाइल टावरों से कॉपर केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह के चार आरोपियों एवं एक अपचारी बालक को उतई पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में रेकी कर सुनसान स्थान पर लगे मोबाइल टावरों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त दुपहिया वाहन, कॉपर केबल एवं केबल कटने का उपकरण जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी पुरुषोत्तम जायसवाल निवासी शिवनगर दुर्ग एवं कृपा शंकर तिवारी निवासी न्यू आदर्श नगर पद्मनाभपुर गुरुद्वारा थाना उतई एवं चौकी मचांदुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ग्राम मचांदुर, घुघसीडीह एवं पतोरा में लगे मोबाइल टावरों से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कॉपर केबल चोरी कर लिया गया है। शिकायत पर पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर जांच में ली थी। इस मामले में पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने 13 एवं 14 मई की दरमियानी रात ग्राम मचांदुर घुघसीडीह एवं पतोरा क्षेत्र में मोबाइल टावर की रेकी कर कॉपर केबल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों सन्नी गुप्ता निवासी पानी टंकी के पास नेवई बस्ती, मिलन कुमार निर्मल का सूर्य नगर स्टेशन मरोदा, किशन यादव सूर्य नगर स्टेशन मरोदा थाना नेवई, अरुण पटेल विजय चौक स्टेशन मरोदा एवं एक विधि से संघर्षरत बालक ने केबल बेचकर मिली राशि को आपस में बांटकर खर्च कर दिया था।