दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 17 मई। भिलाई-3 स्थित मजार में 17 से 20 मई तक आयोजित होने वाले उर्सपाक कार्यक्रम को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रात्रिकाल में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार डबरापारा से सिरसागेट चौक तक दोनों ओर से रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। सिरसा गेट चौक से आने वाले भारी वाहनों को उमदा मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि डबरापारा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को हथखोज मार्ग से निकाला जाएगा।
उर्सपाक में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था भी की गई है। भिलाई और पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहन चालक बिजली ऑफिस और दशहरा मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे। वहीं सिरसागेट चौक और कुम्हारी की ओर से आने वाले लोगों के लिए भिलाई-03 रेलवे स्टेशन पार्किंग और राम मंदिर परिसर में पार्किंग की सुविधा रहेगी।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, सड़क किनारे अनावश्यक वाहन पार्क न करें और ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों के निर्देशों का पालन करें।


