दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 मई। प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के पुलगांव एवं उरला स्थित शासकीय स्कूलों में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में ई-रिक्शा से पहुंचे।
मंत्री के इस सरल और पर्यावरण हितैषी सफर का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है तथा लोगों द्वारा इसकी सराहना की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने ई-रिक्शा से यात्रा कर समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया है।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन और वैकल्पिक ऊर्जा आधारित वाहनों का उपयोग न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि यह राष्ट्रहित में जिम्मेदार नागरिक होने का परिचायक भी है। मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने मंत्री श्री यादव को ई रिक्शा से आते देख उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी पहल बताया।


