दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 मई। शक्कर के लिए उपभोक्ता शासकीय उचित मूल्य दुकानों के चक्कर काट रहे हैंं। कई दुकानों में अब तक मई माह का शक्कर नहीं पहुंच पाया है। वहीं अंत्योदय राशन कार्डधारियों के लिए अप्रैल माह का भी शक्कर आवंटन नहीं मिल पाया था।
जानकारी के अनुसार अप्रैल माह में जिले के 657 शासकीय उचित मूल्य दुकानों के लिए कुल 374 मीट्रिक टन शक्कर का आवंटन प्राप्त हुआ था। इसके विरुद्ध जिले के शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालकों द्वारा कुल 317.358 मीट्रिक टन शक्कर का उठाव किया गया था।
जिले के शासकीय उचित मूल्य दुकानों कवर्धा स्थित शक्कर फैक्ट्री से शक्कर आता है मगर अप्रैल माह में बालोद स्थित शक्कर फैक्ट्री से प्रदाय किया गया था। इसी प्रकार मई माह के लिए अब तक मात्र 74 मीट्रिक टन शक्कर का उठाव हो पाया है जो माह के कुल आवंटन का 22 प्रतिशत है। दुकानों में शक्कर के लिए पहुंचे उपभोक्ताओ को खाली हाथ लौटना पड़ा।
डीएम नान दीपिका जायसवाल का कहना है कि शक्कर को लेकर कहीं कोई दिक्कत नहीं है। नान के पास गोदाम में पर्याप्त मात्रा में शक्कर उपलब्ध है।
कवर्धा से इस माह फिर लगातार शक्कर आ रहा है जो दुकानदार पैसा पटाते है उनको शक्कर जाता है जिसने पैसा जमा किया उनका शक्कर उठाव हो गया है जो पैसा जमा नहीं किए उनके द्वारा पैसा जमा करने 30 मई के पहले शक्कर दुकान में पहुंच जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इसी प्रकार आवंटन माह मई का 3 महीने के आवंटन के विरुद्ध दुकानों में उपलब्धता के अनुसार भंडारण कार्य करवाया जा रहा है। कई दुकानों को चावल चाहिए मगर वहां पर्याप्त जगह नहीं है। लगातार चावल का उठाव जारी है प्रतिदिन 11-12 सौ टन चावल का उठाव हो रहा है।


