दुर्ग

एम्स में नौकरी के नाम पर साढ़े 14 लाख की ठगी, यूपी से आरोपी बंदी
11-May-2026 5:06 PM
एम्स में नौकरी के नाम पर साढ़े 14 लाख की ठगी, यूपी से आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 मई।
रायपुर एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 14 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को वैशाली नगर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे साइबर सेल की मदद से ट्रेस कर पकड़ा गया।

थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि वृंदा नगर कैम्प-1 निवासी मुकेश कोसरे ने 13 जनवरी को थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जयसवाल खुद की बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से पहचान होना बताकर रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी लगाने का झांसा देता था।
आरोपी ने नौकरी लगवाने और ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर सितंबर 2021 से अक्टूबर 2022 के बीच अलग-अलग किश्तों में प्रार्थी से कुल 14.50 लाख रुपए ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर वैशाली नगर थाना में धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर सेल भिलाई की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में आरोपी की लोकेशन लखनऊ, उत्तर प्रदेश में मिली।
इसके बाद पुलिस टीम को लखनऊ भेजा गया, जहां घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक जयसवाल (31 वर्ष) निवासी सेक्टर-6 भिलाई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मामले से जुड़े दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्य भी जब्त किए हैं।


अन्य पोस्ट