दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 मई। जुनवानी स्थित एक भूमि प्रकरण में लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद, न्यायालय के हस्तक्षेप पर सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने उद्योगपति और सिम्प्लेक्स कास्टिंग्स लिमिटेड के मालिक केतन शाह एवं उनकी पत्नी संगीता केतन शाह के विरुद्ध जालसाजी और धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध किया है। शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमन के अनुसार, यह मामला जुनवानी स्थित भूमि के सौदे से जुड़ा है।
आरोप हैं कि तथ्यों को छुपाना: भूमि विवादित होने और न्यायालय में प्रकरण लंबित होने के बावजूद आरोपियों ने तथ्यों को छुपाकर भूमि का विधिवत एग्रीमेंट किया।
भुगतान के बाद भी रजिस्ट्री से इंकार: एग्रीमेंट के अनुसार भुगतान प्राप्त कर लिया गया, लेकिन बार-बार निवेदन करने के बावजूद रजिस्ट्री करने में टालमटोल की जाती रही।
दोहरी आर्थिक गतिविधि: आरोप है कि इसी संपत्ति के आधार पर वित्तीय संस्था से ऋण लेकर शिकायतकर्ता को लगभग 4.60 करोड़ रुपये की गंभीर आर्थिक क्षति पहुंचाई गई। अंतत: न्यायालय ने सुपेला थाना को अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 416, 420, 467, 468, 471 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह इस तरह का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पुलगांव थाना क्षेत्र में विशाल केजरीवाल द्वारा 2025 में इसी तरह के जालसाजी के आरोप में मामला दर्ज कराया गया था।
सूत्रों के अनुसार, संगीता केतन शाह पूर्व के पुलगांव मामले में अग्रिम जमानत पर हैं। जमानत की एक मुख्य शर्त यह थी कि वे इस प्रकार की किसी भी विवादित गतिविधि में दोबारा संलिप्त नहीं होंगी।


