दुर्ग

सूदखोरी कर लोगों को धमकाने वाली महिला गिरफ्तार
10-May-2026 4:23 PM
सूदखोरी कर लोगों को धमकाने वाली महिला गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 मई। 20 से 80 प्रतिशत तक ब्याज वसूलने के बाद भी लोगों के दस्तावेज नहीं लौटाए जा रहे थे बल्कि रकम वापस करने वाले पीडि़तों को झूठे प्रकरण में फंसाने एवं जान से मारने की धमकी देने वाली महिला को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थिया रशीदा बानों निवासी फरीद नगर सुपेला ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराया कि आरोपी मुस्कान उर्फ तब्बसुम शेख निवासी सुपेला लोगों को ब्याज में रकम उधार दी जाती थी तथा उनसे 20 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक अत्यधिक ब्याज वसूला जाता था।

 शिकायत में बताया कि मूल रकम वापस मिलने के बाद भी आरोपी ने उधार देने के एवज में रखे गए दस्तावेज एवं कागजात वापस नहीं किए जा रहे थे। दस्तावेज मांगने पर आरोपी गाली-गलौच कर झूठे प्रकरण में फंसाने एवं जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोपी ने प्रार्थिया के परिचित ललिता हियाल, स्वाधिका रावत एवं अन्य लोगों को भी इसी प्रकार डरा-धमकाकर प्रताडि़त किया जा रहा था।

 प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सुपेला में धारा 296, 308 (2) बीएनएस एवं कर्जा अधिनियम की धारा 04 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी मुस्कान उर्फ तब्बसुम शेख को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट